अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दो दिन पहले एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए राम करन सिंह का शव बुधवार दोपहर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक नाले में बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान राम करन सिंह (68 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बीएचईएल (BHEL) की आवासीय कॉलोनी में रहते थे। उनके नाती सौरभ सिंह ने बताया कि दो दिन पहले राम करन सिंह आदिलपुर गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
बुधवार दोपहर को आदिलपुर गांव के पास स्थित नाले में ग्रामीणों ने एक अज्ञात शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान राम करन सिंह के रूप में हुई। बुजुर्ग का शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में किसी भी व्यक्ति से पुरानी दुश्मनी या रंजिश होने से इनकार किया है। हालांकि, बुजुर्ग का शव नाले में कैसे पहुँचा, यह अभी भी एक पहेली बना हुआ है।
जगदीशपुर थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि "परिजनों की शिकायत पर पहले ही गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया था। आज बुजुर्ग का शव नाले से बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।"