मंगलवार, 17 मार्च 2026
अमेठी

अमेठी में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा; पति के सामने पत्नी ने तोड़ा दम, चालक फरार

By Uttar World Desk

12 फ़र, 2026 | 07:27 बजे
अमेठी में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा; पति के सामने पत्नी ने तोड़ा दम, चालक फरार

अमेठी। जनपद के गौरीगंज थाना क्षेत्र में हनुमान तिराहे के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाजार जा रहा था दंपति, रास्ते में मिला काल

जानकारी के अनुसार, गौरीगंज थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी छत्रपाल सिंह अपनी पत्नी पूनम सिंह के साथ किसी जरूरी काम से बाजार जा रहे थे। दोपहर करीब पौने 2 बजे जैसे ही वे हनुमान तिराहे के पास पहुँचे, रायबरेली की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद चालक फरार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूनम सिंह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। छत्रपाल सिंह भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गौरीगंज थाना प्रभारी श्याम नारायण पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई (विधिक कार्यवाही) अमल में लाई जा रही है।

क्षेत्र में शोक की लहर

अर्जुनपुर गांव में जैसे ही पूनम सिंह की मौत की खबर पहुँची, परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ती रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोष व्यक्त किया है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें