मंगलवार, 17 मार्च 2026
अमेठी

अमेठी में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका, 26 फरवरी को लगेगा विशाल जॉब फेयर

By Uttar World Desk

11 फ़र, 2026 | 01:48 बजे
अमेठी में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका, 26 फरवरी को लगेगा विशाल जॉब फेयर

अमेठी। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिला सेवा योजन विभाग की ओर से 26 फरवरी को आरआरपीजी कॉलेज परिसर में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के जरिए 2000 से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।

रोजगार मेले में 50 से ज्यादा नामी निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो अलग-अलग सेक्टर में खाली पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी। इससे जिले के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार पाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

इस मेले की खास बात यह है कि इसमें कक्षा 8वीं पास से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, बीटेक, आईटीआई और पॉलिटेक्निक तक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। उम्मीदवार अपनी शैक्षिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे, जिससे चयनित युवाओं को जल्द ही नियुक्ति का अवसर मिल सकता है।

रोजगार मेले को सफल बनाने के लिए जिला सेवा योजन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिक से अधिक युवाओं तक जानकारी पहुंचाने के लिए डिग्री कॉलेजों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया जा रहा है।

जिला सेवा योजन अधिकारी अनुपमा रानी ने बताया कि मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस मौके का पूरा लाभ उठाएं और समय से पहुंचकर रोजगार मेले में हिस्सा लें।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें