औरैया जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिबियापुर में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होकर इटावा के भरथना लौट रहे बारातियों की डस्टर कार अनियंत्रित होकर अछल्दा थाना क्षेत्र के पास नहर में जा गिरी। हादसा इतना दर्दनाक था कि कार पूरी तरह पानी में डूब गई और उसके पहिए ऊपर की तरफ हो गए। इस हादसे में कार सवार एक महिला और दो पुरुषों की डूबने से मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक अंदर फंसे तीनों लोगों की सांसें थम चुकी थीं। जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का दौरा किया। मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है।