मंगलवार, 17 मार्च 2026
अयोध्या

बीकापुर: यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, 11 केंद्रों पर कल से गूंजेगी घंटी; बेसिक स्कूलों की पढ़ाई पर संकट

By Uttar World Desk

17 फ़र, 2026 | 09:20 बजे
बीकापुर: यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, 11 केंद्रों पर कल से गूंजेगी घंटी; बेसिक स्कूलों की पढ़ाई पर संकट

बीकापुर (अयोध्या): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू होने जा रही हैं। बीकापुर शिक्षा क्षेत्र के 11 परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा और अन्य इंतजामों का जायजा लिया।

खंड शिक्षा अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शामिल हैं, भारती इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तोरोमाफी। पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज खजुरहट और केकेएडी इंटर कॉलेज मजरुद्दीनपुर। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, राज माधव श्री इंटर कॉलेज, कनकलता इंटर कॉलेज। ग्राम विद्यालय कोदैला, कृषक इंटर कॉलेज रामपुर भगन, त्रिलोकी नाथ इंटर कॉलेज चौरे बाजार और कुसमा इंटर कॉलेज।

बोर्ड परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों का सहारा लिया जा रहा है। बीकापुर क्षेत्र के 153 परिषदीय स्कूलों में तैनात 582 शिक्षकों में से 165 शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगाई गई है। 110 शिक्षकों की ड्यूटी पहले ही लग चुकी थी, जबकि 55 अन्य शिक्षकों की मांग और की गई है।

प्रत्येक विद्यालय से औसतन एक या दो शिक्षकों की ड्यूटी लगने से परिषदीय स्कूलों में बुनियादी शिक्षा और नियमित कक्षाओं पर असर पड़ने की उम्मीद है। हालांकि, खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी उन स्कूलों से लगाई गई है जहाँ शिक्षकों की संख्या अधिक है, ताकि बच्चों की पढ़ाई का न्यूनतम नुकसान हो।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर की जांच पूरी कर ली गई है। पुलिस बल को भी केंद्रों के आसपास मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें