तारुन (अयोध्या): क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुरौली में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मत्स्य पालन के लिए तालाब की जुताई कर वापस लौट रहे 25 वर्षीय युवक राकेश चौरसिया का ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल राकेश की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, राकेश चौरसिया बुधवार शाम को तालाब की जुताई कर रहे थे। कार्य समाप्त कर जब वह ट्रैक्टर लेकर तालाब से बाहर निकल रहे थे, तभी ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। राकेश ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तारुन ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर न मिलने पर उन्हें रामपुर भगन के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ती देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहाँ देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि राकेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी को अभी केवल एक वर्ष ही हुआ था। जवान बेटे की मौत से पिता चंद्रिका चौरसिया और माता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद जब शव गांव पहुँचा, तो हर आंख नम थी। मृतक का अंतिम संस्कार दिलासीगंज घाट के सरजू तट पर कर दिया गया है थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से एक दुर्घटना का मामला लग रहा है।