बहराइच : होली का त्योहार मनाने के लिए लखनऊ से अपने घर लौट रहे दो मजदूरों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बौंडी थाना क्षेत्र के मनेरी गोहनिया गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान नथुवापुर निवासी अखिलेश और बिठौरा निवासी मेहंदी हसन के रूप में हुई है। दोनों युवक लखनऊ में मजदूरी करते थे और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे। परिजन घर पर उनके आने का इंतज़ार कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को इतनी भीषण टक्कर मारी कि अखिलेश और मेहंदी हसन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इस घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।