बहराइच | जिले के हरदी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहराइच–सीतापुर हाईवे पर स्थित कल्याणपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हरदी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मृतकों की पहचान फुलवारी ग्राम निवासी मनोज कुमार वाजपेयी (उम्र 55 वर्ष) और उनके पुत्र हिमांशु के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने अस्पताल में परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर सवार तीसरे व्यक्ति अंसार, निवासी फुलवारी, की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया गया कि मनोज कुमार वाजपेयी अपने पुत्र हिमांशु और अंसार के साथ बाइक से देर रात घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कल्याणपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को मर्चरी में रखवा दिया है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।