बहराइच (कतर्नियाघाट): उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में स्थित कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक जंगली हाथी ने कटियारा बाबा कुटिया के पुजारी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पुजारी ने हाथी को तोड़फोड़ करने से टोका था, जिससे नाराज होकर हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात कटियारा बाबा कुटिया में पुजारी अपने एक साथी के साथ भोजन कर रहे थे। इसी बीच उनका साथी पास ही बर्तन धोने चला गया। तभी अचानक एक विशालकाय जंगली हाथी कुटिया में घुस आया और वहां रखे सामान की तोड़फोड़ करने लगा।
कुटिया में हो रहे नुकसान को देख पुजारी ने हाथी से बात करने की कोशिश की। उन्होंने हाथी से कहा— "सब तोड़ दोगे क्या? हम कहां रहेंगे?" पुजारी की यह बात गजराज को नागवार गुजरी। गुस्से में आए हाथी ने तुरंत पुजारी को दौड़ा लिया। पुजारी अपनी जान बचाने के लिए भागे, लेकिन कुछ दूर जाकर वह जमीन पर गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शी साथी के अनुसार, हाथी इस कदर गुस्से में था कि उसने गिरे हुए पुजारी को अपने दांतों (Tusks) में फंसाकर हवा में उठाया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी हाथी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने पुजारी के ऊपर अपना भारी-भरकम पैर रख दिया। पुजारी जोर से चिल्लाए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। कुटिया के पास खड़ा साथी डर के मारे सुध-बुध खो बैठा और यह खौफनाक मंजर देखता रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इलाके में जंगली हाथी के इस हिंसक हमले से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को रात के समय जंगलों और कुटिया के आसपास न जाने की चेतावनी दी है।