मंगलवार, 17 मार्च 2026
बहराइच

खंभे पर फ्यूज जोड़ते समय संविदा लाइनमैन को लगा करंट, हालत गंभीर

By Uttar World Desk

15 फ़र, 2026 | 02:47 बजे
खंभे पर फ्यूज जोड़ते समय संविदा लाइनमैन को लगा करंट, हालत गंभीर

बाबागंज : बहराइच जिले में बाबागंज स्थित विद्युत उपकेंद्र साहबा में तैनात एक संविदा कर्मी रंजीत कुमार मिश्रा शनिवार को करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना उस समय हुई जब वह 11 हजार की हाईटेंशन लाइन का फ्यूज ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े थे।

घायल संविदा कर्मी रंजीत के अनुसार, शनिवार दोपहर गुरचाही गांव में फ्यूज खराब होने की सूचना मिली थी। उन्होंने पावर हाउस पर तैनात कर्मचारी से बाकायदा शटडाउन (सप्लाई बंद करने का निर्देश) लिया था। लेकिन जैसे ही वह खंभे पर चढ़कर फ्यूज बांधने लगे, अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई। करंट की चपेट में आते ही वह खंभे से चिपक गए।

खंभे पर तड़पते लाइनमैन को देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बांस के सहारे उन्हें नीचे गिराया। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चरदा ले जाया गया।

चरदा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. महेश ने बताया कि रंजीत के हाथ और पेट में करंट की वजह से काफी गहरे घाव हो गए हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही और शटडाउन के बावजूद सप्लाई चालू होने जैसे गंभीर सुरक्षा चूक पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें