मंगलवार, 17 मार्च 2026
बहराइच

बहराइच: कोहरे में काल बनी रफ्तार, अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार कार; एक युवक की हालत नाजुक

By Uttar World Desk

08 फ़र, 2026 | 08:47 बजे
बहराइच: कोहरे में काल बनी रफ्तार, अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार कार; एक युवक की हालत नाजुक

नानपारा (बहराइच)। नानपारा-बहराइच मार्ग पर शनिवार देर शाम घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नई तहसील के पास एक अनियंत्रित कार पलट गई, जिसमें सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसा रात करीब 8 बजे होटल शिवांश के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काले रंग की फोर्ड फिगो कार (DL8CZ 5785) नानपारा से बहराइच की ओर जा रही थी। कोहरा काफी घना था, लेकिन कार की रफ्तार बहुत तेज थी। तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार बेकाबू होकर होटल की पार्किंग में खड़ी दो अन्य गाड़ियों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलकर बीच सड़क पर पलट गई।

तेज आवाज सुनकर होटल प्रबंधक दीप नारायण शुक्ला अपने कर्मचारियों के साथ फौरन बाहर आए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई कार को सीधा किया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।

हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे। कार के एयरबैग (Airbags) समय पर खुल जाने के कारण दो लोग चमत्कारिक रूप से बच गए। हालांकि, कार चालक के बगल वाली सीट पर बैठा कामरान (18 वर्ष), निवासी गंगवल बाजार (पयागपुर), गंभीर रूप से घायल हो गया।कामरान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नानपारा ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया है।

हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। टक्कर के बाद कार की नंबर प्लेट भी टूटकर दूर जा गिरी। स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। यह हादसा एक बार फिर सर्दियों में कोहरे के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को चेतावनी दे रहा है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें