तुलसीपुर (बलरामपुर): विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर में महंत मिथिलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई, जिसमें जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मेला व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
अभेद्य होगी सुरक्षा व्यवस्था: ड्रोन और जल पुलिस तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने पूरे मेला परिसर को 2 जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया है।सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन सर्वे के जरिए हर गतिविधि पर नज़र रखी जाएगी। महिला पीएसी, होमगार्ड, और रैपिड एक्शन फोर्स के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर (FMD) लगाए जाएंगे और जल पुलिस व फ्लड पुलिस की भी तैनाती होगी।
24 घंटे निर्बाध बिजली और पेयजल की सुविधा
मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं 19 मार्च 2026 से एक माह तक पूरा क्षेत्र कटौती मुक्त रहेगा। वाटर एटीएम, टैंकर और इंडिया मार्का हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
स्वच्छता के लिए 400 सफाईकर्मियों की फौज
मेले में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पंचायत राज विभाग द्वारा 400 सफाईकर्मियों की तैनाती तीन शिफ्टों में की जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट, रैन बसेरा और खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
यातायात और ट्रेनों के संचालन पर विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित कदम उठाए हैं, रोडवेज और निजी वाहनों का संचालन बढ़ाया जाएगा। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन और प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार शुरू कर दिया गया है। स्टेशन पर टिकट काउंटर बढ़ाए जाएंगे और मंदिर का नक्शा व साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ता भटकना न पड़े।