बांदा : जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ अतर्रा थाना क्षेत्र में तीन युवकों पर 15 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपियों ने पहले नाबालिग को बेहोश किया और फिर उसे बाइक पर बैठाकर कस्बे के एक होटल में ले गए, जहाँ उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों ने लड़की के साथ मारपीट की और उसे जातिसूचक गालियां भी दीं।
वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को एक सुनसान नहर के पास फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें से एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।