मंगलवार, 17 मार्च 2026
बाराबंकी

'कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे': बाराबंकी में सीएम योगी का रामद्रोहियों और कानून तोड़ने वालों को कड़ा अल्टीमेटम

By Uttar World Desk

10 फ़र, 2026 | 04:17 बजे
'कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे': बाराबंकी में सीएम योगी का रामद्रोहियों और कानून तोड़ने वालों को कड़ा अल्टीमेटम

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार (10 फरवरी) को जनपद के सिरौलीगौसपुर स्थित दुल्हदेपुर कुटी पहुंचे। यहाँ उन्होंने दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ और श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुँचते ही 'भारत माता की जय' के नारों से पूरा पंडाल गूँज उठा।

यज्ञ मंडप में आहुति देने के बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए विरोधियों और उपद्रवियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अब उत्तर प्रदेश और भारत में केवल कानून का राज चलेगा।

बाबरी का सपना देखने वालों को चेतावनी: सीएम ने कहा, "जो लोग आज भी बाबरी ढांचे का सपना देख रहे हैं, वह कयामत का दिन कभी नहीं आएगा। हिंदुस्तान में रहना है तो कायदे से रहना सीखो। यहाँ का कानून मानोगे तो फायदे में रहोगे।"

अपराधियों के लिए सीधा संदेश: उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जो कानून तोड़ेगा, वह सीधे जहन्नुम जाएगा। कानून तोड़कर जन्नत पाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। जो लोग कानून हाथ में लेंगे, उन्हें प्रशासन ऐसा सबक सिखाएगा कि उनकी पीढ़ियाँ याद रखेंगी।

रामद्रोहियों के लिए कोई जगह नहीं: अयोध्या का जिक्र करते हुए योगी ने कहा, "हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे और आज मंदिर बन गया है। जो लोग रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे, उनके लिए अब कोई जगह नहीं बची है।"

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले और बाद के उत्तर प्रदेश की तुलना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। "2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी। आज जीरो टॉलरेंस की नीति से माफिया गायब हैं। जब बेटी और व्यापारी सुरक्षित होते हैं, तभी समाज और अर्थव्यवस्था तरक्की करती है।"

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का ब्यौरा देते हुए कहा:

आवास और सुविधा: पीएम मोदी के नेतृत्व में यूपी के 60 लाख गरीबों को पक्का घर मिला।

बिजली और पानी: पहले बिजली केवल चुनिंदा जिलों को मिलती थी, आज सभी 75 जिलों में निर्बाध आपूर्ति हो रही है। हर घर तक स्वच्छ पेयजल और शौचालय पहुँचाया गया है।

महिला कल्याण: बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शादी तक का खर्च अब सरकार उठा रही है।

लोधेश्वर मंदिर का विकास: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लोधेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और यह सरकार रुकने वाली नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान संत बलराम दास ने मुख्यमंत्री का स्वागत मखाने और लावा की विशेष माला पहनाकर किया। योगी आदित्यनाथ ने संतों का आशीर्वाद लिया और सनातन धर्म के उत्थान के लिए ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताया।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें