बस्ती: जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो देश में गहराते गैस संकट की भयानक तस्वीर बयां कर रहा है। ईरान-इजरायल युद्ध और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की अफवाहों ने जिले में ऐसी अफरा-तफरी मचाई है कि लोग सुबह 4 बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर सड़कों पर दौड़ने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सैकड़ों की तादाद में पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग सिर पर सिलेंडर रखकर गैस एजेंसी की ओर भागते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो बस्ती जिले के एक गैस गोदाम के बाहर का बताया जा रहा है। जैसे ही लोगों को खबर मिली कि गैस की गाड़ी आने वाली है, भीड़ बेकाबू हो गई। लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए लाइन में आगे लगने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा।
पड़ोसी जिले गोरखपुर और बस्ती की कई एजेंसियों पर लाइन में घुसने को लेकर ग्राहकों के बीच हिंसक झड़प और मारपीट की खबरें भी सामने आई हैं। जिले में यह अफवाह तेजी से फैल गई है कि आने वाले दिनों में सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा या इसकी कीमत 2000 रुपये के पार चली जाएगी, जिसके बाद लोग 'पैनिक मोड' में आ गए हैं।
बस्ती के बभनान, भानपुर और लालगंज क्षेत्रों में कई गैस एजेंसियों ने भीड़ को देखते हुए अंदर से चैनल बंद कर लिए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि वे दो-दो महीने से बुकिंग कराकर बैठे हैं, लेकिन उन्हें रिफिल नहीं दी जा रही है। एजेंसी मालिकों का कहना है कि कंपनी से ही मांग के मुकाबले आपूर्ति (Supply) काफी कम हो गई है, जिससे वे वितरण नहीं कर पा रहे हैं।
बस्ती प्रशासन और जिला पूर्ति विभाग ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 'Essential Commodities Act' लागू होने के बाद जमाखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।