बस्ती (छावनी) | उत्तर वर्ल्ड न्यूज डेस्क: जनपद के छावनी थाना क्षेत्र के चौगड़वा गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 30 वर्षीय विवाहिता सीमा प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि घर में मौजूद मासूम बेटी के बयान ने मामले को और भी संगीन बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पति राम सूरत प्रजापति, झुलसी हुई सीमा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत ले गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अयोध्या और फिर लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में कराया जा रहा है।
मायके पक्ष के अनुसार, सीमा की शादी मई 2018 में कोहल तिवारी गांव निवासी राम सूरत से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहता था। कई बार पंचायतें हुईं और मामला थाने तक भी पहुंचा, लेकिन सुलह-समझौते के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बस्ती से फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष छावनी चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मासूम बेटी के आरोपों और ग्रामीण स्तर पर उठ रहे सवालों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।