मंगलवार, 17 मार्च 2026
बस्ती

बस्ती: कप्तानगंज में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत; शिनाख्त में जुटी पुलिस

By Uttar World Desk

21 फ़र, 2026 | 12:11 बजे
बस्ती: कप्तानगंज में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत; शिनाख्त में जुटी पुलिस

बस्ती । जिले के कप्तानगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकपुर में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तिलकपुर प्राथमिक पाठशाला के सामने करीब साढ़े ग्यारह बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फुटहिया चौकी इंचार्ज आनंद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास है। फुटहिया चौकी इंचार्ज आनंद कुमार ने बताया कि युवक की शिनाख्त कराने के लिए सोशल मीडिया और आसपास के गांवों का सहारा लिया जा रहा है। साथ ही जिले के सभी थानों को भी हुलिए के आधार पर सूचना भेज दी गई है ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें