मंगलवार, 17 मार्च 2026
बस्ती

पुराने घर के पूजा कक्ष में कुंडी से लटका मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम

By Uttar World Desk

02 मा, 2026 | 11:09 बजे
पुराने घर के पूजा कक्ष में कुंडी से लटका मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम

बस्ती: जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोड़रा पाण्डेय गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सोमवार सुबह गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक 17 वर्षीय किशोरी का शव उसके पुराने घर की छत से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई है।

मृतका की पहचान कोड़रा पाण्डेय निवासी दिपाली उर्फ दिव्या पाण्डेय (17 वर्ष) पुत्री अजय कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दिपाली सोमवार सुबह अपने पुराने मकान में गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब परिजन वहां पहुंचे, तो पूजा वाले कमरे का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। दिपाली का शव छत की कुंडी में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका हुआ था।

सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाने के अतिरिक्त निरीक्षक रमजान अली और हड़िया चौकी प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से आवश्यक फिंगरप्रिंट्स व अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

चौकी प्रभारी संजय कुमार ने उत्तर वर्ल्ड को बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की तरफ से लिखित शिकायत मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, 17 वर्षीय बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

मानसिक तनाव या किसी भी समस्या का समाधान आत्महत्या नहीं है। उत्तर वर्ल्ड अपने पाठकों से अपील करता है कि यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति तनाव में है, तो उससे बात करें और उसे विशेषज्ञ की मदद लेने के लिए प्रेरित करें।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें