नजीबाबाद (बिजनौर): बिजनौर के नजीबाबाद तहसील परिसर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच बेखौफ चोरों ने वकीलों के चैंबरों को निशाना बनाया और वहां लगे पंखे चोरी कर ले गए। सुबह जब वकील अपने दफ्तर पहुंचे, तो सामान बिखरा देख और पंखे गायब पाकर उनके होश उड़ गए।
तहसील परिसर में रात के समय चौकीदार और पुलिस की गश्त होने के बावजूद चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। वकीलों का कहना है कि अगर तहसील जैसी जगह भी सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा? चोरों ने ताले तोड़कर चैंबर के अंदर प्रवेश किया और बिजली के उपकरण निकाल लिए।
तहसील के कई वकीलों के चैंबरों में एक साथ हुई चोरी। वकीलों ने सुरक्षा में चूक को लेकर नाराजगी जाहिर की है और जल्द खुलासे की मांग की है।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके का मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने तहसील के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। वकीलों के संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।