बिजनौर : उत्तर प्रदेश की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल सिंह का मंगलवार को लखनऊ के PGI अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल थे। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके गृह जनपद बिजनौर और खास तौर पर नूरपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पूर्व मंत्री यशपाल सिंह का पार्थिव शरीर लखनऊ से उनके पैतृक गांव अजमपुर (नूरपुर) लाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में ही किया जाएगा।
यशपाल सिंह बिजनौर की राजनीति में एक कद्दावर चेहरा माने जाते थे। वह कई बार विधायक रहे और उत्तर प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री भी रहे। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में उनकी जबरदस्त पकड़ थी और उन्हें जनता का भारी समर्थन प्राप्त था।
वह पिछले कई दिनों से लखनऊ के PGI में भर्ती थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के कई बड़े नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। बिजनौर के स्थानीय नेताओं और समर्थकों का उनके आवास पर जुटना शुरू हो गया है।
पूर्व मंत्री के अंतिम संस्कार को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में VIP और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।