मुंबई : सनी देओल की फिल्म 'बॉर्डर 2' का क्रेज सात समंदर पार तक पहुंच गया है। जहां गल्फ देशों (खाड़ी देशों) में इस फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, वहीं धर्मेंद्र और सनी देओल के एक प्रशंसक ने फिल्म देखने के लिए सरहदें पार कर दीं। यूएई (UAE) के रहने वाले एक शेख, हमाद अल रयामी, खास तौर पर 'बॉर्डर 2' देखने के लिए दुबई से मुंबई पहुंचे।
भारत-पाकिस्तान के 1971 के युद्ध पर आधारित इस फिल्म को 'पाकिस्तान विरोधी भावना' का हवाला देते हुए खाड़ी देशों में बैन किया गया है। हमाद अल रयामी नाम के इस फैन ने बताया कि वो धर्मेंद्र के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। फिल्म बैन होने के कारण उन्होंने तुरंत मुंबई का टिकट कराया ताकि वो बड़े पर्दे पर इस फिल्म का लुत्फ उठा सकें। मुंबई पहुंचने पर इस प्रशंसक ने न सिर्फ फिल्म देखी, बल्कि एक्टर सनी देओल से मुलाकात भी की। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सनी देओल उन्हें गले लगाकर शुक्रिया अदा कर रहे हैं। फिल्म ने पहले दिन ही ₹32 करोड़ की शानदार ओपनिंग की है और पिछले साल की बड़ी हिट 'धुरंधर' का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
वीडियो में हमाद अल रयामी कहते नजर आए कि उन्हें मुंबई आकर बहुत अच्छा लगा और यह साल उन्हें 1987 की याद दिला रहा है, जब धर्मेंद्र की 'हुकूमत' और 'लोहा' जैसी फ़िल्में हिट हुई थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सनी देओल की यह फिल्म भी ब्लॉकबस्टर साबित होगी।
'बॉर्डर 2' का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं।