बॉलीवुड : शाहरुख खान के फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास है। लंबे समय के इंतजार के बाद, किंग खान की मच-अवेटेड फिल्म 'किंग' की ऑफिशियल रिलीज डेट का खुलासा हो गया है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म इसी साल क्रिसमस के मौके पर धमाका करने को तैयार है।
फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शाहरुख की 'किंग' मार्वल की सबसे बड़ी फिल्म 'एवेंजर्स डूम्सडे' (Avengers: Doomsday) से सीधे टकराएगी, जो 18 दिसंबर को रिलीज हो रही है। शाहरुख ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक नया टीजर जारी किया है, जिसमें वह बर्फीली पहाड़ियों के बीच चोटिल और खून से सने हुए एक बेहद इंटेंस लुक में नजर आ रहे हैं। 'किंग' के जरिए शाहरुख खान लगभग 3 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर लीड हीरो के तौर पर वापसी कर रहे हैं।
फिल्म के नए टीजर में शाहरुख खान का एक्शन अवतार रोंगटे खड़े कर देने वाला है। टीजर में उन्हें ऊंचाई से छलांग लगाते और दुश्मनों का खात्मा करते हुए दिखाया गया है। फैंस उनके इस लुक की तुलना हॉलीवुड स्टार ब्रैड पिट से कर रहे हैं।
दिसंबर का महीना बॉक्स ऑफिस के लिए ऐतिहासिक होने वाला है। जहां मार्वल की 'डूम्सडे' में रॉबर्ट डाउनी जूनियर 'डॉक्टर डूम' बनकर वापसी कर रहे हैं, वहीं शाहरुख खान 'किंग' बनकर बॉलीवुड का दबदबा कायम रखने की कोशिश करेंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म बाजी मारती है।