नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके पालम में बुधवार रात एक चार मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। आग इमारत की Ground Floor से शुरू हुई और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इस हादसे के कारण इमारत में रहने वाले कई परिवार अंदर ही फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। चश्मदीदों का कहना है कि धमाके के साथ आग लगी और सीढ़ियों वाले हिस्से में घना धुआं भर गया, जिससे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। दमकल विभाग की 5 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और हाइड्रोलिक लिफ्ट के जरिए लोगों को खिड़कियों से बाहर निकाला जा रहा है।
दमकल कर्मियों ने अब तक 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि कुछ अन्य के अभी भी फंसे होने की आशंका है। धुएं के कारण कुछ लोगों की हालत बिगड़ने की खबर है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया है और बिजली की सप्लाई काट दी गई है।
उत्तर वर्ल्ड (Uttar World) की टीम फंसे हुए लोगों की सुरक्षा की कामना करती है। रिहायशी इलाकों में संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली और देश की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें हमारे साथ।