एटा: जनपद के थाना पिलुआ क्षेत्र अंतर्गत पुठिया गांव के पास रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धुमरी क्षेत्र से पशु खरीदकर घर लौट रहे एक व्यापारी की बाइक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पशु खरीदकर घर लौट रहे थे दुर्गेश मिली जानकारी के अनुसार, थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला भंडा निवासी दुर्गेश (50) पुत्र बदन सिंह पशु व्यापार का काम करते थे। रविवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी पुठिया गांव के समीप एक अनियंत्रित लोडर वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्गेश सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस ने वाहन को लिया कब्जे में स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दुर्गेश को तुरंत मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन बदकिस्मती से अलीगढ़ पहुँचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। थाना पिलुआ प्रभारी संदीप सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और लोडर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।