मंगलवार, 17 मार्च 2026
फिरोजाबाद

सात समंदर पार से आया दूल्हा: जर्मनी के गुस्ताव ने फ़िरोज़ाबाद की खुशी संग रचाई शादी; देसी अंदाज़ में लगाए ठुमके!

By Uttar World Desk

22 फ़र, 2026 | 12:48 बजे
सात समंदर पार से आया दूल्हा: जर्मनी के गुस्ताव ने फ़िरोज़ाबाद की खुशी संग रचाई शादी; देसी अंदाज़ में लगाए ठुमके!

फ़िरोज़ाबाद (शिकोहाबाद): प्यार की कोई सीमा नहीं होती, इसे एक बार फिर साबित कर दिया है जर्मनी के रहने वाले गुस्ताव क्लाउश्च ने। फ़िरोज़ाबाद के शिकोहाबाद इलाके में आज एक ऐसी ही अनोखी शादी संपन्न हुई, जहाँ जर्मनी का दूल्हा और भारतीय दुल्हन आकर्षण का केंद्र बने रहे।

शिकोहाबाद के जसराना (गांव पाढ़म) की रहने वाली खुशी वर्मा जयपुर में एक सोशल मीडिया कंपनी में मैनेजमेंट का काम करती हैं। वहीं, जर्मनी के गुस्ताव पेशे से इंजीनियर हैं और 2023 में भारत घूमने आए थे। जयपुर में एक स्विमिंग पूल में तैराकी सीखने के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने शादी का फैसला किया।



यह शादी पूरी तरह भारतीय वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। दूल्हा गुस्ताव ने भारतीय शेरवानी और सिर पर साफा बांधा हुआ था। उन्होंने अपने हाथों में दुल्हन खुशी के नाम की मेहंदी भी रचाई। दूल्हे के माता-पिता और रिश्तेदार खास तौर पर जर्मनी से शिकोहाबाद के 'जानकी महल' होटल पहुंचे। विदेशी मेहमानों को शादी की रस्में (जैसे फेरे और सिंदूरदान) समझाने के लिए विशेष रूप से 4 ट्रांसलेटर बुलाए गए थे, जो जर्मन भाषा में उन्हें मतलब समझा रहे थे।

18 फरवरी को हल्दी और मेहंदी की रस्म हुई और 19 फरवरी की रात शादी की रस्में पूरी हुईं। 20 फरवरी को खुशी की विदाई हुई। इस दौरान विदेशी मेहमानों ने भी जमकर ठुमके लगाए और भारतीय खाने का लुत्फ उठाया। गुस्ताव ने कहा कि उन्हें भारत और यहाँ की संस्कृति से प्यार हो गया है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें