गाजियाबाद | गाजियाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमला करने वाले कुख्यात बदमाश जीशान को रविवार देर शाम पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। जीशान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह 26 फरवरी से ही फरार चल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीशान अपने साथी के साथ लोनी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में स्वाट टीम और लोनी पुलिस ने जाल बिछाया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया गया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जीशान को गोली लगी और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश में टीमें जुटी हैं।
मुठभेड़ स्थल की तलाशी में पुलिस को कई खतरनाक हथियार बरामद हुए हैं: एक इटली निर्मित पिस्टल,14 कारतूस, हमले में इस्तेमाल किया गया 'पेपर कटर' (जिससे यूट्यूबर पर वार किया गया था), एक मोटरसाइकिल।
बीती 26 फरवरी को अली गार्डन स्थित अपने कार्यालय में सलीम वास्तविक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए थे। इस हमले के बाद से ही सलीम की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें पहले दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ से बाद में बेहतर उपचार के लिए साकेत के मैक्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद सीसीटीवी फुटेज से जीशान की पहचान की थी।
पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड़ ने स्पष्ट किया है कि फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। खोड़ा इलाके में रह रहे जीशान के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों की कुंडली खंगाल रही है।