गोंडा जिले में रसोई गैस की किल्लत गहरा गई है। ITI ग्राउंड में गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह 4 बजे से ही लंबी कतारें लग रही हैं। लोग घंटों इंतज़ार करने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
गोंडा। जिले में इन दिनों रसोई गैस (LPG) की आपूर्ति बाधित होने से आम जनता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पेट्रोल-डीजल की अफवाहों के बीच अब गैस सिलेंडर के लिए मची मारामारी ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। शहर के ITI ग्राउंड में आज सुबह से ही जो नज़ारा दिखा, वह काफी चिंताजनक था।
सुबह 4 बजे से ही लग गई कतार कड़ाके की ठंड और ओस के बीच, जिले के अलग-अलग कोनों से आए लगभग 250 से अधिक लोग सुबह 4 बजे से ही ITI ग्राउंड में कतारबद्ध हो गए थे। लोगों का कहना है कि घरों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद हफ़्तों से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिल रही है।
एजेंसी के इंतज़ाम नाकाफी ग्राउंड में मौजूद लोगों ने गैस एजेंसियों पर अव्यवस्था का आरोप लगाया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पर्ची कटवाने के बाद भी घंटों इंतज़ार करना पड़ता है और कई बार सिलेंडर खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। भीड़ इतनी अधिक थी कि लाइन को व्यवस्थित करने के लिए एजेंसी के कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ग्रामीण इलाकों में और भी बुरा हाल शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग भी यहाँ सिलेंडर की उम्मीद में पहुंचे थे। उनका कहना है कि गांवों में एजेंसियां समय पर सप्लाई नहीं दे रही हैं, जिसके कारण उन्हें शहर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।