गोरखपुर: जिले की चौरीचौरा पुलिस ने एक ऐसे अनोखे और शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में 'नकली सांप और छिपकली' का खौफ पैदा कर लूटपाट करता था। पुलिस ने इस अंतरजनपदीय गिरोह के 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 8 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। यह गिरोह खास तौर पर उन जगहों को निशाना बनाता था जहाँ काफी भीड़ होती थी, जैसे- तरकुलहा मंदिर परिसर, बाजार या बस स्टैंड।
गैंग के सदस्य अचानक भीड़ में रबर के नकली सांप या छिपकली फेंक देते और शोर मचाते— "सांप! सांप!" जैसे ही लोग डर के मारे इधर-उधर भागते या धक्का-मुक्की होती, उसी अफरा-तफरी के बीच गिरोह की महिलाएं और पुरुष लोगों के गले से सोने की चैन और कीमती जेवर पार कर देते थे।महिलाओं की मौजूदगी की वजह से किसी को इन पर जल्दी शक नहीं होता था।
तरकुलहा मंदिर और आसपास से लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस सक्रिय हुई। सादी वर्दी में तैनात पुलिस टीम ने जब पैटर्न को समझा, तो इस गैंग की घेराबंदी की गई। पुलिस ने इनके पास से चोरी के गहने, नकद रुपये और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली 5 गाड़ियाँ (Four-wheelers) भी बरामद की हैं। पकड़े गए सभी 16 आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहे थे।
एसएसपी गोरखपुर ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर किसी भी प्रकार की अफवाह या अचानक मची भगदड़ से घबराएं नहीं और अपने कीमती सामान का ध्यान रखें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।