मंगलवार, 17 मार्च 2026
गोरखपुर

रॉन्ग साइड से आई फॉर्च्यूनर ने MBBS छात्र को उछाला, 30 मिनट तक रेलिंग से लटका रहा शव

By Uttar World Desk

06 मा, 2026 | 12:07 बजे
रॉन्ग साइड से आई फॉर्च्यूनर ने MBBS छात्र को उछाला, 30 मिनट तक रेलिंग से लटका रहा शव

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर (Fortuner) कार ने रॉन्ग साइड से आकर कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बीआरडी (BRD) मेडिकल कॉलेज के एक होनहार एमबीबीएस छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर लगते ही स्कूटी सवार छात्र आकाश पांडेय (22 वर्ष) करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछला और ओवरब्रिज की रेलिंग में जाकर फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र का शव करीब 30 मिनट तक रेलिंग से लटका रहा। यह मंजर देखकर राहगीरों की रूह कांप गई।

मृतक आकाश पांडेय मूल रूप से संतकबीरनगर का रहने वाला था और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस थर्ड ईयर का छात्र था। वह बुधवार रात अपने एक दोस्त के घर होली की दावत खाकर वापस हॉस्टल लौट रहा था, तभी रास्ते में यह काल बनकर आई फॉर्च्यूनर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

एसपी सिटी अभिनव त्यागी के मुताबिक, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर (UP 32 LR 0013) की मदद से आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गोल्डेन साहनी (प्रॉपर्टी डीलर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 'गैर इरादतन हत्या' (Culpable Homicide) का मामला दर्ज किया है।

आकाश की मौत की खबर मिलते ही मेडिकल कॉलेज के छात्र और डॉक्टर बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। छात्रों में भारी आक्रोश देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें