ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (BAFTA) की सीईओ जेन मिलिचिप ने 2026 के फिल्म अवॉर्ड्स को लेकर अपनी खास योजनाएं साझा की हैं। हॉलीवुड रिपोर्टर को दिए एक इंटरव्यू में जेन ने बताया कि इस साल का बाफ्टा 'बोल्ड स्टोरीटेलिंग' और विविध विषयों के नाम रहने वाला है। उनके अनुसार, 2026 के नॉमिनेशंस में महिला निर्देशकों की मजबूत भागीदारी देखी जा रही है। खास तौर पर फिल्म 'हैमनेट' (Hamnet) ने 11 नॉमिनेशंस के साथ इतिहास रच दिया है, जो किसी महिला निर्देशक (क्लो झाओ) की फिल्म के लिए अब तक के सबसे ज्यादा बाफ्टा नॉमिनेशंस हैं।
जेन मिलिचिप ने स्पष्ट किया कि बाफ्टा की वोटिंग प्रक्रिया में किए गए बदलावों का सकारात्मक असर दिख रहा है। अब अधिक विविधता और अलग-अलग शैलियों की फिल्मों को बराबरी का मौका मिल रहा है। इस साल 'वन बैटल आफ्टर अनदर' (One Battle After Another) 14 नॉमिनेशंस के साथ सबसे आगे है, वहीं 'मार्टी सुप्रीम' (Marty Supreme) जैसी फिल्मों को भी 11 नॉमिनेशंस मिले हैं। जेन ने कहा कि इस साल का समारोह न केवल अंतरराष्ट्रीय सितारों का जमावड़ा होगा, बल्कि ब्रिटिश सिनेमा की वैश्विक ताकत को भी प्रदर्शित करेगा।