गुरूवार, 19 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय

क्रिकेट की दुनिया एकजुट: कपिल देव और सुनील गावस्कर समेत 14 कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को लिखी चिट्ठी, इमरान खान के लिए मांगी मेडिकल मदद

By Uttar World Desk

17 फ़र, 2026 | 08:05 बजे
क्रिकेट की दुनिया एकजुट: कपिल देव और सुनील गावस्कर समेत 14 कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को लिखी चिट्ठी, इमरान खान के लिए मांगी मेडिकल मदद

इस्लामाबाद: क्रिकेट जगत के 14 महान पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान की जेल में बिगड़ती सेहत पर गहरी चिंता व्यक्त की है। इन दिग्गजों ने पाकिस्तान सरकार को एक औपचारिक पत्र लिखकर इमरान खान को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है।

इस अपील में भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव के नाम भी शामिल हैं। मैदान पर कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे इन खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए इमरान खान के बुनियादी मानवाधिकारों और स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवाज़ उठाई है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान की सेहत को लेकर अलार्म तब बजा जब यह खबर आई कि अडियाला जेल में बंद पूर्व कप्तान की दाहिनी आंख की रोशनी 85% तक कम हो गई है। उनके वकीलों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने समय पर इलाज नहीं कराया, जिससे संक्रमण बढ़ गया।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ग्रेग चैपल ने इस पत्र का मसौदा (Draft) तैयार किया है, जिसे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेजा गया है। पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले अन्य दिग्गजों में ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, इयान चैपल, किम ह्यूज और बेलिंडा क्लार्क। इंग्लैंड के डेविड गोवर, नासिर हुसैन, माइकल एथर्टन और माइक ब्रेयरली। वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड। न्यूजीलैंड के जॉन राइट।

पत्र में लिखा गया है, "हम उन मूल्यों को समझते हैं जो खेल के मैदान की सीमाओं से परे होते हैं। इमरान खान जैसे वैश्विक खेल आइकन और पूर्व राष्ट्रीय नेता के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार होना चाहिए। हम आग्रह करते हैं कि उन्हें उनकी पसंद के विशेषज्ञों से इलाज कराने की अनुमति दी जाए।"

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें