गाज़ा : मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह गाज़ा पट्टी के अलग-अलग हिस्सों में हुए इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 12 फिलिस्तीनियों की जान चली गई। चौंकाने वाली बात यह है कि मारे गए लोगों में आधे यानी 6 मासूम बच्चे शामिल हैं। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब रविवार को मिस्र और गाज़ा के बीच स्थित राफा क्रॉसिंग को दोबारा खोलने की तैयारी चल रही है।
मेडिकल सूत्रों के मुताबिक, इजरायली सेना ने खार यूनिस के अल-मवासी इलाके में विस्थापित लोगों के एक टेंट पर हमला किया, जिसमें 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, गाज़ा सिटी के रिमल इलाके में एक रिहायशी इमारत पर हुए हमले में भी 5 लोगों की जान गई, जिनमें 3 बच्चे शामिल थे।
मई 2024 के बाद पहली बार कल यानी रविवार को राफा बॉर्डर खुलने जा रहा है। इसे मानवीय सहायता और लोगों की आवाजाही के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, बॉर्डर खुलने से ठीक एक दिन पहले हुई इस बमबारी ने शांति प्रयासों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 10 अक्टूबर को अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम के बाद से अब तक इजरायली हमलों में 500 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। अक्टूबर 2023 से शुरू हुई इस जंग में अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 71,000 के पार पहुंच गया है।