काबुल/इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद ने अब युद्ध जैसा रूप ले लिया है। पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने रविवार तड़के अफगानिस्तान के पक्तिका (Paktika) प्रांत में घुसकर भीषण एयरस्ट्राइक की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में एक धार्मिक मदरसे (Religious Seminary) को निशाना बनाया गया है।
टोलो न्यूज (Tolo News) की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी जेट विमानों ने पक्तिका के बरमल (Bermal) जिले को निशाना बनाया। इसके अलावा नांगरहार प्रांत के खोग्यानी, बेहसूद और गनी खेल जिलों में भी कई हवाई हमले किए गए हैं। पाकिस्तान का दावा है कि ये हमले आतंकी संगठन 'फितना अल ख्वारिज' (टीटीपी) और दाएश (IS-K) के ठिकानों पर किए गए हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई इस्लामाबाद, बाजौर और अन्य इलाकों में हुए हालिया आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई है।
इस एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान की तालिबान सरकार और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल आतंकी हमलों के लिए किया जा रहा है और तालिबान प्रशासन इन्हें रोकने में नाकाम रहा है। तालिबान ने इन हमलों को अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। इससे पहले भी ऐसे हमलों के जवाब में अफगान सेना ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर गोलाबारी की थी।
जानकारों का मानना है कि इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच पूर्ण युद्ध की स्थिति बन सकती है। सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोग डर के साये में हैं और बड़ी संख्या में पलायन कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दोनों देशों से शांति बनाए रखने की अपील की है।