झांसी : गुरसराय थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम अस्ता के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, अस्ता निवासी सचेंद्र (21) और पवन (20) अपनी बाइक से गुरसराय की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ऐंधा निवासी जितेंद्र (22) की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुँचाया। वहाँ तैनात चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। यह दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुँच चुके हैं।