झांसी 9 मार्च | जिले में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झांसी-खजुराहो नेशनल हाईवे पर सेना के एक वाहन और मुर्गियों से लदी पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में सेना के एक नायब सूबेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सेना की गाड़ी मऊरानीपुर की ओर जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सेना के वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत पास के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिकअप चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर सुचारू कराया गया।