कन्नौज : जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ खुशियों भरी बारात का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया। छिबरामऊ क्षेत्र के मोहल्ला सराय सुंदर में बुधवार रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बैंड बजा रहे कर्मियों को बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे में कुल 9 बैंड कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बारात चढ़ने के दौरान हुआ हादसा : जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले से एक बारात छिबरामऊ आई थी। बुधवार रात जब बारात चढ़ने की रस्म हो रही थी और बैंड कर्मी अपनी ट्राली के साथ संगीत बजा रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने बैंड ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्राली के आसपास मौजूद 9 कर्मी इसकी चपेट में आकर सड़क पर गिर पड़े।
मची अफरा-तफरी, कार सवार फरार : हादसे के तुरंत बाद मौके पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों और बारातियों की मदद से घायलों को आनन-फानन में छिबरामऊ के सौ-सैया अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 6 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, मौका पाकर कार सवार अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई : घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को गम में बदल दिया है।