कानपुर: शहर के पनकी सेक्टर-2 स्थित HDFC बैंक की शाखा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैंक में तैनात एक महिला कर्मचारी ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। महिला कर्मचारी ने न सिर्फ ग्राहकों के साथ अभद्रता की, बल्कि सरेआम गालियां देते हुए अपना आपा खो दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लैपटॉप उठाकर मारने की कोशिश
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बैंक कर्मी आस्था सिंह एक ग्राहक पर बुरी तरह चिल्ला रही हैं। बहस के दौरान वह इतनी आक्रोशित हो गईं कि उन्होंने मेज पर रखा लैपटॉप उठाकर ग्राहक को मारने का प्रयास किया। वीडियो में वह साफ तौर पर अपनी जाति का हवाला देते हुए कह रही हैं, "ठाकुर हूं मैं... ऐसी की तैसी कर दूंगी।"
बैंक की साख पर सवाल
बैंक परिसर में मौजूद अन्य लोग इस ड्रामे को देखकर दंग रह गए। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई थी, लेकिन एक जिम्मेदार संस्थान में महिला कर्मचारी का यह व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सोशल मीडिया पर HDFC बैंक प्रबंधन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।