मंगलवार, 17 मार्च 2026
कानपुर नगर

कानपुर: मार्क जुकरबर्ग बनकर रिटायर्ड शिक्षिका से 1.57 करोड़ की ठगी, एलन मस्क और जॉश टर्नर के नाम का भी हुआ इस्तेमाल

By Uttar World Desk

17 मा, 2026 | 06:13 बजे
कानपुर: मार्क जुकरबर्ग बनकर रिटायर्ड शिक्षिका से 1.57 करोड़ की ठगी, एलन मस्क और जॉश टर्नर के नाम का भी हुआ इस्तेमाल

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चकेरी क्षेत्र की रहने वाली एक सेवानिवृत्त शिक्षिका से ठगों ने फेसबुक के मालिक मार्क जुकरबर्ग, एलन मस्क और अमेरिकी गायक जॉश टर्नर बनकर करीब 1.57 करोड़ रुपये ठग लिए। ठगों ने महिला को कानपुर में स्कूल बिजनेस शुरू करने और उसमें बड़ी नौकरी देने का झांसा देकर एक साल से अधिक समय तक जाल में फंसाए रखा।

पीड़िता एलिसन वीम्स, जो मेथाडिस्ट हाईस्कूल से रिटायर्ड हैं, की पहचान फेसबुक पर एक व्यक्ति से हुई जिसने खुद को मार्क जुकरबर्ग बताया। विश्वास जीतने के बाद उसने कानपुर में स्कूल खोलने के नाम पर निवेश कराना शुरू किया। इसके बाद ठगों ने एलन मस्क के सहयोगी और गायक जॉश टर्नर के नाम से संपर्क किया। शिक्षिका ने अपनी जीवन भर की जमा पूंजी, रिटायरमेंट फंड और बचत के करीब 1.57 करोड़ रुपये अलग-अलग किस्तों में प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और कस्टम चार्ज के नाम पर जमा कर दिए।

हैरानी की बात यह है कि जब शिक्षिका को संदेह हुआ, तो 'मिरेकल गिवर्स' और 'साइबर रिपोर्टिंग असिस्टेंस' जैसे फर्जी नामों से ठगों ने दोबारा संपर्क किया। उन्होंने पैसा वापस दिलाने का झांसा देकर शिपिंग और वेरिफिकेशन फीस के नाम पर और लाखों रुपये ऐंठ लिए। यहां तक कि फर्जी साइबर पुलिस अधिकारी और वकील बनकर भी उन्हें डराया और प्रलोभन दिया गया।

ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज कराई है। डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गिरोह ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है। साइबर सेल की मदद से फिलहाल 30.42 लाख रुपये होल्ड करा लिए गए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। उत्तर वर्ल्ड (Uttar World) अपने पाठकों से अपील करता है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के प्रलोभन में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 1930 पर दें।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें