गुरूवार, 09 अप्रैल 2026
kanpur
कानपुर

कानपुर: 'सिटी फॉरेस्ट कांड' के मुख्य आरोपी गैंगस्टर का मर्डर, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रेता गला

By Uttar World Desk

09 अप्र, 2026 | 08:58 बजे
कानपुर: 'सिटी फॉरेस्ट कांड' के मुख्य आरोपी गैंगस्टर का मर्डर, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रेता गला

कानपुर नगर: चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हमीरपुर के चर्चित 'सिटी फॉरेस्ट कांड' के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर आशीष शर्मा उर्फ कन्हैया की उसकी अपनी ही पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी फरार है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी आरती का अपने पड़ोसी सबलू खान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशीष हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आया था और श्यामनगर में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। आरती और सबलू ने करीब 15 दिन पहले ही आशीष को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर ली थी।

बीती रात आरती अपने प्रेमी सबलू के साथ आशीष के कमरे पर पहुंची। शातिर पत्नी ने पहले आशीष को जी भरकर शराब पिलाई। जब वह पूरी तरह नशे में हो गया, तब सबलू ने उसके हाथ-पैर दबोचे और आरती ने गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरती ने झाड़ियों में जाकर अपने कपड़े भी बदले ताकि किसी को शक न हो।

हत्या के बाद आरती ने खुद ही पड़ोसियों और ससुराल वालों को फोन कर यह नाटक किया कि "आशीष फोन नहीं उठा रहा है, जाकर देखो कहीं कुछ हो तो नहीं गया।" पड़ोसियों ने जब खिड़की से झांका तो आशीष का शव बेड पर पड़ा मिला। आरती ने शुरुआत में मकान मालिक पर हत्या का आरोप मढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से वह बच नहीं सकी।

एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि इलाके के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरती और सबलू की संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। पुलिस के कड़े रुख के आगे आरती टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मृतक आशीष शर्मा हमीरपुर का हिस्ट्रीशीटर था। उस पर अगस्त 2022 में हमीरपुर के सिटी फॉरेस्ट में एक प्रेमी जोड़े को पीटने और लड़की के साथ बदसलूकी करने का गंभीर आरोप था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में उसकी थू-थू हुई थी।

Uttar World से जुड़ें

Like Page