कौशांबी: रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और नशा मुक्त बनाने के लिए कौशांबी पुलिस इन दिनों 'एक्शन मोड' में है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के कड़े निर्देशों के बाद जिले भर में अवैध शराब के सौदागरों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार शाम को सैनी थाना पुलिस ने एक बड़ी छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है।
सैनी थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में अझुवा चौकी प्रभारी अनुराग सिंह ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सटीक सूचना पर समदापुर मजरा शाखा गांव में दबिश दी। पुलिस की इस अचानक छापेमारी से गांव में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान महेश कुमार (पुत्र स्व. रामदेव) के घर से 38 लीटर महुआ की बनी कच्ची अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर पुलिस को लगभग दो कुंतल (200 किलो) लहन मिला, जो शराब बनाने के लिए तैयार किया गया था। पुलिस ने इसे तत्काल मौके पर ही नष्ट कर दिया। शराब बनाने के बर्तन और अन्य उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।
थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने उत्तर वर्ल्ड के माध्यम से कड़ा संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति इस अवैध धंधे में संलिप्त पाया गया, तो उस पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगामी होली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। अक्सर त्योहारों के दौरान कच्ची और जहरीली शराब की मांग बढ़ जाती है, जिससे अप्रिय घटनाएं होने की आशंका रहती है। पुलिस की इस सक्रियता को क्षेत्र की जनता ने सराहा है।