लखनऊ : लखनऊ की मशहूर इदरीस बिरयानी पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। चौक के पाटानाला इलाके में स्थित इस दुकान पर गंदगी फैलाने और सड़क पर अतिक्रमण करने के आरोप में 50 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया है।
क्या है पूरा मामला? नगर निगम की टीम जोनल अधिकारी के नेतृत्व में इलाके में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकली थी। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान के बाहर काफी गंदगी थी और हड्डियां व बचा हुआ कचरा खुले में फेंका गया था। इसके साथ ही दुकान का सामान सड़क तक फैला हुआ था, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी।
सख्त चेतावनी: नगर निगम के अधिकारियों ने जुर्माना वसूलने के साथ ही दुकान मालिक को सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा कि अगर दोबारा ऐसी गंदगी या अतिक्रमण पाया गया, तो दुकान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अब शहर के अन्य मशहूर खाने-पीने के अड्डों पर भी सफाई को लेकर अपनी नजर टेढ़ी कर रहा है।