मंगलवार, 17 मार्च 2026
लखनऊ

लखनऊ में रिटायर्ड एयरफोर्स अफसर को बदमाशों ने मारी गोली, रेस्टोरेंट के बाहर वारदात से इलाके में दहशत

By Uttar World Desk

31 जन, 2026 | 05:26 बजे
लखनऊ में रिटायर्ड एयरफोर्स अफसर को बदमाशों ने मारी गोली, रेस्टोरेंट के बाहर वारदात से इलाके में दहशत

लखनऊ : राजधानी लखनऊ का पॉश इलाका 'सुशांत गोल्फ सिटी' शुक्रवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। अज्ञात बदमाशों ने एक रिटायर्ड एयरफोर्स ऑफिसर पर उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया, जब वे अपना काम खत्म कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। घायल ऑफिसर को आनन-फानन में मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

क्या है पूरी घटना? पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी अवधेश कुमार पाठक, जो मूल रूप से संत कबीर नगर के रहने वाले हैं, सुशांत गोल्फ सिटी के शॉपिंग स्क्वायर-1 में 'रसोई बाय मां' (Rasoi By Maa) नाम से अपना रेस्टोरेंट/क्लाउड किचन चलाते हैं।

शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे, जब अवधेश पाठक अपना काम निपटा कर रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी अपनी कार में सामान रख रहे थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनकी दाईं आंख के ऊपर लगी, जिसके बाद वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच के बिंदु: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित की पत्नी मिथलेश पाठक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों को पकड़ने के लिए 8 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का सुराग मिल सके।

हमले के पीछे की वजह? शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को पुरानी रंजिश, व्यापारिक दुश्मनी या किसी प्रॉपर्टी विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि, अभी तक हमले की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। एयरफोर्स से रिटायर्ड होने के कारण मामला काफी संवेदनशील माना जा रहा है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें