मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। यहाँ एक अनियंत्रित टैंकर ने बस का इंतज़ार कर रहे और सड़क किनारे खड़े लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक टैंकर काफी तेज रफ्तार में था और चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।