UttarWorld News Desk | मऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं मऊ जिले में पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ जारी हैं। शुक्रवार को जिले के 127 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल गणित और इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं संपन्न हुईं। UttarWorld की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 62,073 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 57,603 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि बड़ी संख्या में छात्र अनुपस्थित रहे।
जिले में दो पालियों में हुई परीक्षा के दौरान छात्र उपस्थिति का विवरण इस प्रकार रहा : प्रथम पाली में कक्षा एवं विषय : हाईस्कूल (गणित) एवं इंटर (व्यावसायिक), पंजीकृत छात्र : 31,470 जिसमे से 29,059 छात्र उपस्थित रहे और 2,411 अनुपस्थित रहे । द्वितीय पाली में कक्षा एवं विषय : इंटरमीडिएट (भौतिक विज्ञान), पंजीकृत छात्र : 30,603 जिसमे से 28,544 छात्र उपस्थित रहे और 2,059 अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल योग पंजीकृत छात्र : 62,073 जिसमे से 57,603 छात्र उपस्थित रहे और 4,470 अनुपस्थित रहे
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी। सभी 127 केंद्रों की जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से सीधी निगरानी की जा रही थी। जिले को 24 सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जहाँ प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट मुस्तैद रहे। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई, जिसके बाद ही उन्हें वॉइस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वाले कमरों में प्रवेश मिला।
इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पिछले वर्ष की तुलना में 10 दिन पहले शुरू हुई हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू कर दिया जाएगा। मऊ जिले के तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज और नेहरू इंटर कॉलेज जैसे केंद्रों को मूल्यांकन के लिए प्रस्तावित किया गया है। अनुमान है कि अप्रैल के पहले पखवाड़े (15 अप्रैल तक) में परिणाम घोषित हो सकते हैं।
परीक्षार्थी ध्यान दें कि अब आने वाले विषयों के लिए भी अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें। किसी भी भ्रामक खबर या पेपर लीक की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।