मेरठ : जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस सनसनीखेज धमकी के मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया है। पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान (Combing Operation) चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने संभाली कमान, कोर्टरूम कराया गया खाली धमकी की सूचना मिलते ही SSP अविनाश पांडे और सीओ सिविल लाइन भारी पुलिस बल के साथ न्यायालय परिसर पहुँचे। सुरक्षा के मद्देनजर सभी कोर्टरूम को खाली करा दिया गया है और वकीलों व फरियादियों को सुरक्षित दूरी पर रहने को कहा गया है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास कर रहे हैं।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता एक्शन में न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड (Dog Squad) और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) की टीमें कोर्टरूम के अंदर रखे बैग्स, अलमारियों और अन्य संदिग्ध सामानों की बारीकी से जांच कर रही हैं। पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को भी खंगाल रही है ताकि धमकी देने वाले का सुराग लगाया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त इस घटना के बाद मेरठ कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद ही किसी को अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। एसएसपी अविनाश पांडे खुद पूरी सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन पूरी सतर्कता बरती जा रही है।