वडोदरा: भारतीय रेल को सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। पश्चिमी रेलवे ने मंगलवार को कवच 4.0 तकनीक का सफल शुभारंभ किया। वडोदरा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पश्चिमी रेलवे के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने कवच प्रणाली से लैस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नागदा के लिए रवाना किया।
यह एक स्वदेशी ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम है जो लोकोमोटिव (इंजन) और पटरियों के बीच रेडियो संचार के जरिए काम करता है। यदि एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनें आमने-सामने आ जाती हैं या सिग्नल तोड़ा जाता है, तो यह तकनीक अपने आप ब्रेक लगा देती है, जिससे रेल हादसों को रोका जा सकता है।
वडोदरा से नागदा खंड के इस बड़े हिस्से में कवच शुरू होने से मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों की सुरक्षा और अधिक मजबूत हो गई है। रेलवे का लक्ष्य अगले एक साल के भीतर अपने सभी प्रमुख इंजनों में इस सिस्टम को इंस्टॉल करने का है।