मंगलवार, 17 मार्च 2026
रायबरेली

रायबरेली में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या: छेड़छाड़ के आरोपों ने मचाया हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

By Uttar World Desk

27 फ़र, 2026 | 06:10 बजे
रायबरेली में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या: छेड़छाड़ के आरोपों ने मचाया हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

रायबरेली: जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहाँ 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह घटना लालगंज थाना क्षेत्र के रेल डिब्बा कारखाने के पास स्थित एक सोसाइटी की है। मृतक छात्रा की पहचान प्रज्ञा (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ यहीं रहती थी। परिजनों के अनुसार, वह काफी होनहार थी, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

परिजनों और सूत्रों के मुताबिक, प्रज्ञा के साथ रेल कोच फैक्ट्री के लिए पार्ट्स बनाने वाली एक स्थानीय कंपनी में काम करने वाले कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ की जा रही थी। आरोप है कि इस घटना के बाद से छात्रा काफी परेशान थी। परिजनों का दावा है कि विवाद बढ़ने पर कंपनी के मालिक सुक्खू ने छात्रा के पिता (जो उसी फैक्ट्री में काम करते हैं) पर अनावश्यक दबाव बनाना शुरू कर दिया था। परिजनों का मानना है कि इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना से आहत होकर उसने जान देने जैसा कठोर कदम उठाया।

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना 112 नंबर पर मिली थी। उन्होंने कहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने फैक्ट्री के सहकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रायबरेली में पिछले कुछ दिनों में सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिसने स्थानीय लोगों के मन में भय पैदा कर दिया है। इस छात्रा की मौत के बाद लोग अब दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें