संभल | जिले में स्थित ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद की देखरेख को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। रमजान का पवित्र महीना शुरू होते ही मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जफर अली ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के मेरठ कार्यालय को एक औपचारिक पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि मस्जिद परिसर की रंगाई-पुताई और सजावट का काम जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि त्योहार के दौरान नमाजियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
कमेटी का कहना है कि पिछला पेंट खराब हो चुका है, इसलिए इसकी मरम्मत जरूरी है। गौरतलब है कि यह मस्जिद एक ASI संरक्षित इमारत है, जिसे लेकर पिछले साल भी काफी विवाद हुआ था। मामला हाईकोर्ट तक पहुँचा था, जिसके बाद अदालत ने स्पष्ट किया था कि मस्जिद का रखरखाव और पुताई केवल पुरातत्व विभाग की निगरानी में ही की जाएगी। पिछले साल भी प्रशासन और ASI की देखरेख में ही यहाँ काम संपन्न हुआ था, और इसी प्रक्रिया को इस साल भी दोहराने की अपील की गई है।