मंगलवार, 07 अप्रैल 2026
sant-kabir-nagar
संत कबीर नगर

खलीलाबाद : बिजली फाल्ट ठीक करते समय संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत, विभाग पर लापरवाही का आरोप

By Uttar World Desk

05 अप्र, 2026 | 11:16 बजे
खलीलाबाद : बिजली फाल्ट ठीक करते समय संविदा लाइनमैन की दर्दनाक मौत, विभाग पर लापरवाही का आरोप

खलीलाबाद (Uttar World News Desk): जनपद संत कबीर नगर के कोतवाली क्षेत्र के उतरावल गांव में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और बारिश के कारण बाधित हुई बिजली आपूर्ति को बहाल करने गए 45 वर्षीय संविदा लाइनमैन अंतराम गौतम की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद लाइन में करंट छोड़ दिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात क्षेत्र में आंधी-पानी की वजह से बिजली गुल थी। अंतराम गौतम फाल्ट ठीक करने के लिए उतरावल गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने नियमानुसार शटडाउन लिया था और पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे, तभी अचानक स्ट्रीट वायर में करंट दौड़ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अंतराम अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस घटना को बिजली विभाग की खुली लापरवाही करार दिया है। लोगों का कहना है कि बिना जांच किए बिजली चालू करना एक गंभीर अपराध है। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है, जिससे स्थानीय लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page