खलीलाबाद (सिसवा तालिब) : उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के महानिदेशक के आदेशानुसार और पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में, 5 अप्रैल को फायर स्टेशन खलीलाबाद में अग्निसुरक्षा को लेकर एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए अग्निसचेतकों को आग पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित सूचना देने के गुर सिखाए गए।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में फसलों की कटाई का समय है, ऐसे में आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। अग्निसचेतकों को निर्देश दिया गया कि फसलों में आग लगने की सूचना मिलते ही वे बिना देरी किए मौके पर पहुँचें और उपलब्ध स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास करें।
सभी सचेतकों को अपने क्षेत्र के तालाबों और नलकूपों की जानकारी रखने को कहा गया है ताकि फायर टैंकरों में पानी भरने में समय न बर्बाद हो। सचेतकों को अग्निशमन विभाग, पुलिस, विद्युत विभाग और लेखपाल के नंबर अपने पास रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभागों को सूचित करने को कहा गया है ताकि बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सके। इस मुहिम का मकसद गाँव-गाँव में ऐसे लोगों को तैयार करना है जो आग लगने पर विभाग के पहुँचने से पहले शुरुआती मोर्चा संभाल सकें।